रतलाम जिले के जावरा में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर सरदार पटेल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बन्नाखेड़ा, जावरा में सम्मान समारोह आयोजित कर चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ, सरदार पटेल पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज, रेड क्रॉस सोसाइटी जावरा तथा एक एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
समारोह में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ऋषिकांत (एमडी मेडिसिन), स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. आरती पाराशर, आरएमओ डॉ. रवि पाटीदार, डॉ. संदीप जाट, ओटी टेक्नीशियन लखन सोनार्थी तथा डायलिसिस टेक्नीशियन प्रकाश ग्रेवाल का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी जावरा की ओर से अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह सिसोदिया, मनोज अग्रवाल (मामा) एवं धर्मेंद्र तोमर उपस्थित रहे। एकेडमी की ओर से वाइस प्रिंसिपल लोकेंद्र अहिरवार, ऑफिस कोऑर्डिनेटर लखन रावल, योगेश पाटीदार, करण विजवा, राहुल पाटीदार एवं अनुराधा जैन ने सहभागिता निभाई।
अस्पताल की ओर से नर्सिंग सुपरिटेंडेंट विकास जायसवाल, कृष्णपाल सिंह सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। वहीं मार्केटिंग टीम से मार्केटिंग मैनेजर प्रेम बनोपा एवं पीआरओ मेहमूद अली अब्बासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक मानव सेवा का सर्वोच्च उदाहरण हैं। कोविड-19 महामारी जैसे कठिन दौर में डॉक्टरों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए असंख्य लोगों का जीवन बचाया। समाज को उनके समर्पण, सेवा और योगदान का सदैव सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों के स्वस्थ, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की जानकारी मार्केटिंग मैनेजर प्रेम बनोपा ने दी।