रतलाम जिले के सिविल हॉस्पिटल जावरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक से पहले विधायक डॉ. पांडेय ने एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ अस्पताल परिसर एवं नवनिर्मित मातृत्व (मेटरनिटी) विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डायलिसिस यूनिट, ब्लड स्टोरेज सेंटर, फिजियोथैरेपी विभाग, जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्यालय, ऑपरेशन थिएटर, एनआरसी, एनबीएसयू, ओपीडी, पोस्टमार्टम कक्ष सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया गया। विधायक ने मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया ने पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन के साथ आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात एजेंडा के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नवीन पोस्टमार्टम भवन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति हेतु भोपाल भेजा जाएगा। जिला अस्पताल रतलाम से प्राप्त शव पेटियों की मरम्मत एवं उनके लिए शेड निर्माण का एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। अस्पताल परिसर में बिजली के नए पोल एवं एलईडी लाइटें लगाने की भी मंजूरी दी गई, जिससे रात्रिकालीन व्यवस्थाएं और सुरक्षा बेहतर हो सके।
सिविल अस्पताल एवं नई मातृत्व विंग के नामकरण एवं प्रतिमा स्थापना के लिए वरिष्ठ कार्यालय से पुनः पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। आवश्यकता के अनुसार परिधीय क्षेत्रों (पेरीफेरी) के चिकित्सकों की ड्यूटी सिविल अस्पताल में लगाने पर भी सहमति बनी। साथ ही अस्पताल परिसर में वाहन स्टैंड एवं कैंटीन के टेंडर स्थानीय स्तर पर जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने अपनी विधायक निधि से अस्पताल के पार्किंग क्षेत्र में शेड निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं अस्पताल की छतों की वाटर प्रूफिंग सीएसआर फंड से कराने का निर्णय लिया गया। पुराने महिला अस्पताल भवन के बाहरी कमरों को दुकानों में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने सांसद निधि से अस्पताल को कार्डियक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति देने की जानकारी दी। इसके अलावा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नगर पालिका के माध्यम से पुराने कुएं के रिनोवेशन, अस्पताल भूमि के सीमांकन, एक्स-रे मशीन के सुधार के लिए संभागीय स्तर पर पत्राचार करने तथा पुरानी मातृत्व विंग में आवश्यक कार्य कर बीपीएचयू यूनिट शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
समिति ने अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक निर्माण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि यूसुफ कड़पा, समाजसेवी अशोक आंटिया, सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी सहित रोगी कल्याण समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
