November 6, 2026 2:54 pm

धामनोद गाँव के अर्जुन पाटीदार ने NEET-2026 में 581 अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव, पहले प्रयास में बने परिवार के पहले डॉक्टर

रतलाम जिले के धामनोद निवासी अर्जुन पाटीदार (पिता श्री रामगोपाल पाटीदार) ने NEET-2026 में 581 अंक प्राप्त कर पहले ही प्रयास में शानदार सफलता हासिल की। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने डॉक्टर बनने का अपना सपना साकार किया और अपने परिवार के पहले डॉक्टर बनने का गौरव प्राप्त किया। अर्जुन की इस सफलता से पूरे धामनोद गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
अर्जुन ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा उत्कृष्ट विद्यालय, रतलाम से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट, रतलाम में एक वर्ष तक नियमित एवं अनुशासित तैयारी की। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने NEET-2026 में 581 अंक अर्जित कर सफलता का नया आयाम स्थापित किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर धामनोद में पाटीदार समाज द्वारा अर्जुन का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत एवं पूरी टीम ने अर्जुन का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर माणक चौक विद्यालय के भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक राकेश सिंह जादौन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अर्जुन की सफलता यह सिद्ध करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और सही मार्गदर्शन मिले, तो गांव का विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अर्जुन को धामनोद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट के शिक्षक नीरज गुप्ता ने कहा कि अर्जुन ने पूरे वर्ष अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ तैयारी की। उसकी सफलता प्रत्येक विद्यार्थी को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।
धामनोद के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जानकी लाल पाटीदार ने अर्जुन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी मेहनत और परिवार का सहयोग इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहे। वहीं महावीर कोचिंग के पाटीदार सर ने बताया कि अर्जुन प्रारंभ से ही प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थी रहा है।
अर्जुन के पिता श्री रामगोपाल पाटीदार ने कहा कि इस सफलता में अभ्यास कॅरियर इंस्टीट्यूट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्थान के शिक्षकों के व्यक्तिगत मार्गदर्शन, नियमित टेस्ट एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण ने अर्जुन को 581 अंक प्राप्त कर परिवार का पहला डॉक्टर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का सफल संचालन आदर्श द्विवेदी ने किया। समारोह में देवीलाल जी पाटीदार (अध्यक्ष, पाटीदार समाज), कांतिलाल जी (सचिव), पूनमचंद जी (उपाध्यक्ष), शक्ति सिंह सिसोदिया, पुष्कर पाटीदार, नवीन ठाकुर, पवन जायसवाल, गोपाल पाटीदार सहित समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अर्जुन का माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी