रतलाम के जावरा में मानव सेवा और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा जावरा एवं सरदार पटेल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, जावरा द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” का दूसरा चरण बुधवार से पुनः शुरू किया गया। अभियान के तहत ग्राम बहादुरपुर जागीर में निःशुल्क चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, वहीं गंभीर स्थिति वाले मरीजों को आगे के उपचार के लिए सरदार पटेल हॉस्पिटल रेफर किया गया।
जून-जुलाई में भी गांवों तक पहुंची सेवा
भारत विकास परिषद और सरदार पटेल हॉस्पिटल की इस संयुक्त पहल के तहत जून एवं जुलाई माह में जावरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहर के वार्डों में लगातार सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें वृक्षारोपण, निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर और रक्तदान शिविर प्रमुख रहे।
इन शिविरों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां दी गईं। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से सरदार पटेल हॉस्पिटल लाकर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की गई।
जरूरतमंद मरीजों के बड़े ऑपरेशन भी हुए
अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि यह भी रही कि पिछले माह आक्या बेनी एवं बहादुरपुर क्षेत्र के कई मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत उपचार कराया गया। इनमें घुटना प्रत्यारोपण और हिप रिप्लेसमेंट जैसे जटिल ऑपरेशन भी शामिल रहे।
अभियान से जुड़े लोगों के अनुसार इन मरीजों का उपचार सफल रहा और ऑपरेशन के बाद अब वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। ऐसे मरीजों के लिए यह पहल आर्थिक रूप से बड़ी राहत साबित हुई है।
गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
बहादुरपुर जागीर में आयोजित शिविर में भारत विकास परिषद शाखा जावरा के अध्यक्ष शेखर नाहर, राजेंद्र त्रिवेदी एवं शिक्षक सुरेश बैरागी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल हॉस्पिटल की ओर से डॉ. संदीप जाट, मैनेजमेंट प्रभारी विकास जायसवाल, मार्केटिंग हेड प्रेम बनोपा, पीआरओ मेहमूद अली अब्बासी, ग्लोरिया मैम, सुनीता सिस्टर सहित सरदार पटेल नर्सिंग कॉलेज की टीम ने सेवाएं दीं।
ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच राजेंद्र सिंह राठौड़, भगवान सिंह राठौड़, विजयपाल सिंह, मनोहर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव-गांव स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने का संकल्प
“सेवा संकल्प अभियान” का उद्देश्य केवल एक दिन का चिकित्सा शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है। खासतौर पर ऐसे परिवार, जो आर्थिक कारणों से बड़े अस्पतालों में उपचार नहीं करा पाते, उन्हें सरकारी योजनाओं और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवाइयां मिलने से लोगों को काफी सुविधा मिली है।
भारत विकास परिषद एवं सरदार पटेल हॉस्पिटल की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि यदि सामाजिक संस्थाएं और चिकित्सा संस्थान मिलकर प्रयास करें तो जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना आसान हो सकता है।
“सेवा ही संकल्प—मानवता ही धर्म” के संदेश के साथ शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में जावरा क्षेत्र के अन्य गांवों और क्षेत्रों तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।
