कारूलाल राठौड़— पिपलौदा तहसील के गांव मावता में हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर गांव मावता में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और परंपरा का भव्य नजारा देखने को मिला। कुमावत समाज के पंचों एवं समाजजनों के नेतृत्व में भगवान चारभुजा नाथ का भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं सहित गांव के धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भगवान चारभुजा नाथ की शोभायात्रा पूरे गांव में निकाली गई। डीजे की धार्मिक धुनों और भजनों के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के दौरान पूरे गांव का माहौल भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान चारभुजा नाथ के जयकारे लगाते हुए अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर कुमावत समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल अजमेरा, उपाध्यक्ष परमानंद, सचिव जुझारलाल, कोषाध्यक्ष कारूलाल भधाणिया सहित समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। इसके साथ ही गांव के धर्मप्रेमी नागरिकों और माता-बहनों ने भी शोभायात्रा में सहभागिता की।
शोभायात्रा के गांव में भ्रमण के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने भगवान चारभुजा नाथ का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। कई परिवारों ने अपने घरों के बाहर भगवान की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन किए और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन
मावता गांव में हरियाली अमावस्या के अवसर पर भगवान चारभुजा नाथ का जुलूस निकालने की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष समाजजन इस धार्मिक परंपरा को उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाते हैं। आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज और गांव के लोगों को एकजुट करने का भी माध्यम बनता है।
हरियाली अमावस्या के इस अवसर पर निकली शोभायात्रा ने गांव में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना दिया। आयोजन के समापन पर समाजजनों ने सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर बनाए रखने का संकल्प लिया।
