रतलाम के जावरा में खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने एवं विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर प्रदान करने वाली जावरा पब्लिक स्कूल के लिए हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विद्यालय के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
सीतामऊ में दिनांक 1 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जावरा पब्लिक स्कूल की छात्रा सुश्री अंशिका चौहान एवं छात्र मास्टर युवराज सिंह चौहान अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के बल पर विद्यार्थी खेल जगत में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं।

प्राचार्य महोदय ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तथा विद्यालय एवं जावरा का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।