November 5, 2026 11:39 am

दीपावली पर जावरा के बाजारों में ट्रैफिक का कड़ा पहरा!

जेडी बैरागी वैष्णव, शुभदर्शन TV न्यूज़ चैनल, रतलाम जिले जावरा में दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खरीदारी की रौनक बढ़ने लगी है। कपड़ा बाजार से लेकर किराना, सराफा और अन्य प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में ग्राहकों की बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन जाता है। बाजारों में बेतरतीब खड़े वाहन, संकरी सड़कों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही और लोडिंग वाहनों के कारण लगने वाला जाम आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनता है। इसी स्थिति से निपटने के लिए जावरा यातायात पुलिस ने दीपावली पर्व को लेकर विशेष यातायात डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी किया है।

यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 5 नवंबर 2026 से दीपावली पर्व समाप्ति तक शहर के मध्य स्थित त्योहारी बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा सीएसपी जावरा एवं डीएसपी यातायात रतलाम के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस जावरा ने यह प्लान तैयार किया है।

इस व्यवस्था के तहत बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ ही अलग-अलग मार्गों पर डायवर्जन, तीन एवं चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, निर्धारित पार्किंग स्थल और छोटे लोडिंग वाहनों के लिए समय-सीमा तय की गई है।

शहर के दो प्रमुख मार्गों से होगा यातायात डायवर्जन

दीपावली की खरीदारी के दौरान शहर के मध्य बाजार में भीड़ का दबाव कम करने के लिए यातायात पुलिस ने दो प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं।

पहला मार्ग: रतलामी गेट से लक्ष्मीबाई रोड होते हुए नीम चौक, आजाद चौक, सोमवारीया, रावण दरवाजा, शहरपनाह रोड एवं बड़िया दरवाजा (बोड़िया कुआं) होकर सागरपेशा रोड होते हुए रतलामी गेट तक यातायात डायवर्जन निर्धारित किया गया है।

दूसरा मार्ग: रावण दरवाजा से गीता भवन, खाचरौद नाका, अस्पताल रोड होते हुए रतलामी गेट से स्टेशन रोड की ओर आवागमन की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

इन वैकल्पिक मार्गों का उद्देश्य बाजार के भीतरी हिस्सों में वाहनों का दबाव कम करना और शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले नागरिकों को आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराना है।

सात प्रमुख रास्तों से तीन और चार पहिया वाहनों की नो-एंट्री

यातायात प्लान में सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्था शहर के बाजार क्षेत्र में तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की है। पुलिस ने सात प्रमुख रास्तों को नो-एंट्री जोन के रूप में निर्धारित किया है।

  1. गुर्जर चौक से भरमगंज चौक की ओर।
  2. हाथीखाना पुल से जवाहर पथ की ओर।
  3. नीम चौक से कमानी गेट की ओर।
  4. आजाद चौक से सराफा बाजार की ओर।
  5. कमानी गेट से सराफा बाजार की ओर।
  6. पांचवा कुआं सर्कल से पिपली बाजार की ओर।
  7. गोवर्धन चौराहा से आजाद चौक की ओर।

इन रास्तों से तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में बाजार में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े कर पैदल बाजार तक पहुंचना होगा।

चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए चार पार्किंग स्थल तय

पुलिस ने बाजार में अनियंत्रित पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़े होने से पैदा होने वाले जाम को रोकने के लिए चार स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है।

  1. हाथीखाना: समस्त चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
  2. गुर्जर चौक (एसबीआई बैंक के पास): चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
  3. रामबाग (श्री गोवर्धन नाथ मंदिर के पास): चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।
  4. बड़िया कुआं: समस्त चार पहिया एवं तीन पहिया वाहनों की पार्किंग।

पुलिस की इस व्यवस्था का मकसद बाजार की सड़कों को वाहनों से मुक्त रखना है। हालांकि, त्योहार के दिनों में इन पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त जगह, वाहनों का व्यवस्थित प्रवेश-निकास और पार्किंग की निगरानी भी जरूरी होगी। यदि पार्किंग स्थल ही अव्यवस्थित रहे तो बाजार के बाहर भी जाम की स्थिति बन सकती है।

छोटे लोडिंग वाहनों के लिए भी निर्धारित हुई समय-सीमा

दीपावली के दौरान दुकानों में सामान की आपूर्ति और माल उतारने के कारण भी बाजारों में यातायात बाधित होता है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने छोटे लोडिंग वाहनों जैसे छोटा हाथी, लोडिंग ऑटो और पिकअप आदि के लिए भी विशेष समय-सारणी निर्धारित की है।

सुबह 10 बजे से पहले: समस्त व्यापारी एवं वाहन चालक अपने माल लोडिंग के वाहन बाजार क्षेत्र से बाहर निकालना सुनिश्चित करेंगे।

सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक: बाजार क्षेत्र में छोटे हाथी, लोडिंग ऑटो एवं पिकअप वाहनों का प्रवेश तथा माल अनलोड करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

रात 9 बजे के बाद: व्यापारी निर्धारित प्रतिबंधित समय समाप्त होने के बाद ही माल अनलोड कर सकेंगे।

निर्धारित समय का उल्लंघन करने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों और नागरिकों से पुलिस की अपील

यातायात पुलिस जावरा ने शहरवासियों, ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि दीपावली के दौरान मुख्य बाजार क्षेत्र में तीन पहिया एवं चार पहिया वाहन लेकर प्रवेश न करें। अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और पैदल खरीदारी के लिए बाजार में जाएं।

पुलिस ने व्यापारियों से भी आग्रह किया है कि वे निर्धारित समय के भीतर ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग करवाएं, ताकि दिन के समय बाजार में जाम की स्थिति निर्मित न हो।

आदेश जारी करना आसान, असली चुनौती जमीन पर पालन कराने की!

दीपावली पर जावरा के बाजारों में यातायात व्यवस्था बनाए रखना निश्चित रूप से पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। हर साल त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ती है और थोड़ी सी लापरवाही भी लंबे जाम का कारण बन जाती है। ऐसे में यातायात पुलिस द्वारा तैयार किया गया यह प्लान तभी सफल माना जाएगा, जब इसका पालन केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर भी दिखाई देगा।

सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा कि नो-एंट्री वाले सातों मार्गों पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती रहेगी या नहीं? निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाया जाएगा या नहीं? प्रतिबंधित समय में बाजार में प्रवेश करने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई होगी या नहीं? साथ ही दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखने और अनाधिकृत पार्किंग करने पर भी नियंत्रण किया जाएगा या नहीं?

त्योहार के दौरान बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी होगी। विशेषकर एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता खुला रखना अनिवार्य है।

डायवर्ट प्लान

अब देखना यह होगा कि जावरा यातायात पुलिस का यह दीपावली ट्रैफिक प्लान शहरवासियों को जाम से वास्तविक राहत दिला पाता है या फिर हर साल की तरह त्योहारों में बाजार की सड़कों पर वाहनों की कतारें और जाम की समस्या बरकरार रहती है।

ब्यूरों रिपोर्ट : शुभदर्शन TV न्यूज़ चैनल, रतलाम

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी