रतलाम जिले के जावरा नगर स्थित राठौर समाज के श्री सत्यनारायण मंदिर में नवम वर्षगांठ महोत्सव एवं प्रथम सामूहिक विवाह सम्मेलन के शुभ अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाजजनों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार, 22 जनवरी 2026 (मिति माघ सुदी 4) को प्रातः 10 बजे यज्ञ पूजन अनुष्ठान से होगी। इसके पश्चात सायं 5 बजे आरती एवं प्रसादी वितरण कि जाएगी। शाम को सायं 7 बजे से प्रभु इच्छा तक भव्य श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसका आयोजन राठौर धर्मशाला, जावरा में होगा।

भजन संध्या में प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध भजन प्रवाहक शौकीन कीर अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। यह भजन संध्या स्वर्गीय मांगीलालजी राठौर (समाज रत्न) की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है। स्व. मांगीलालजी राठौर समाज के एक कर्मठ, संस्कारवान एवं मार्गदर्शक व्यक्तित्व रहे, जिनका समाज सेवा में विशेष योगदान रहा।

शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 (मिति माघ सुदी 5, बसंत पंचमी) को प्रातः 6 बजे से श्री सत्यनारायण भगवान एवं श्री मनकामनेश्वर महादेव का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 8 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति, प्रातः 8:30 बजे स्वल्पाहार, एवं प्रातः 9 बजे भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो राठौर धर्मशाला से प्रारंभ होगी। दोपहर 12:15 बजे ध्वजा रोहण एवं महाआरती, 12:30 बजे तोरण, दोपहर 1 बजे महाप्रसादी तथा दोपहर 1 से 3 बजे के बीच शुभ लग्न में सामूहिक विवाह संस्कार संपन्न होंगे। विवाह आयोजन स्थल राठौर धर्मशाला, जावरा (म.प्र.) रहेगा।
इस समस्त धार्मिक अनुष्ठान के यज्ञाचार्य पं. श्री रविन्द्रजी उपाध्याय (पप्पू भैया) रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सकल पंच राठौर समाज, जावरा के तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजकों ने जावरा नगर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
