रतलाम मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल परिसर में इन दिनों प्राइवेट एंबुलेंस चालकों की कथित गुंडागर्दी और अवैध वसूली को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सरकारी एंबुलेंस सेवा 108 एवं जननी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर, CMHO और यातायात पुलिस को शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल परिसर में सक्रिय कुछ प्राइवेट एंबुलेंस चालक खुलेआम मरीजों से ठगी कर रहे हैं और सरकारी सेवा में बाधा डालकर दहशत का माहौल बना रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्राइवेट एंबुलेंस चालक लगातार 108 और जननी एक्सप्रेस कर्मचारियों को निशाना बना रहे हैं। हर थोड़ी देर में कर्मचारियों के वीडियो बनाए जाते हैं, गाड़ियों के कागजात जांचने के नाम पर विवाद खड़ा किया जाता है और जानबूझकर सरकारी काम में रुकावट डाली जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि यह सब उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सेवा बाधित करने की साजिश है।
सबसे गंभीर आरोप मरीजों और उनके परिजनों से अवैध वसूली को लेकर लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, गंभीर मरीजों के परिजनों को डराकर और गुमराह कर हजारों रुपए वसूले जाते हैं। जब परिजन ठगी का शिकार होकर सवाल उठाते हैं, तो पूरा दोष 108 सेवा और अस्पताल स्टाफ पर डाल दिया जाता है। इससे अस्पताल की छवि खराब हो रही है और आम जनता में भ्रम की स्थिति बन रही है।
एंबुलेंस कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में खड़ी कई प्राइवेट एंबुलेंसों के पास न वैध फिटनेस सर्टिफिकेट है, न इंश्योरेंस और न ही जरूरी परिवहन अनुमति। बावजूद इसके ये वाहन खुलेआम मरीजों को ढो रहे हैं और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि जब सरकारी कर्मचारी इन अवैध गतिविधियों का विरोध करते हैं, तो प्राइवेट एंबुलेंस चालक वीडियो बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़कर वायरल करने की धमकी देते हैं। इससे कर्मचारियों में भय का माहौल है और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की साख पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
108 और जननी एक्सप्रेस कर्मचारियों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने मांग की है कि अस्पताल परिसर में खड़ी सभी प्राइवेट एंबुलेंसों की सघन जांच कर उनके फिटनेस, इंश्योरेंस और परमिट की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही मरीजों से ठगी करने और सरकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने वाले तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
कर्मचारियों ने यह भी मांग की कि जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि 108 और जननी एक्सप्रेस सेवाएं बिना किसी दबाव और डर के 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो सकें। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर कितना सख्त कदम उठाता है।

_जितेन्द्रदास_बैरागी_वैष्णव_* *_शुभदर्शन_TV_न्यूज़_चैनल_*
📲 +91 96851-52033
https://www.instagram.com/reel/DRLrXfiiAo6/?igsh=MTN4bmVpOWIzNnliaA==
https://www.facebook.com/SUDARSHANTVMADHYAPRADESH?mibextid=9R9pXO
https://www.youtube.com/@shubhdarshantvnewschannel
आप इन दोनों लिंक पर क्लिक कर चैनल को सस्कराईब, लाइक & फॉलो जरूर करें।
*देश भर में प्रदेश, सम्भाग, जिला व तहसील स्तर पर हमारे प्रतिनिधि नियुक्त करना है, समय 10 से 5 में संपर्क करें-9685152033*
https://whatsapp.com/channel/0029Va9NjaZEFeXljAlzfH25