रतलाम जिले के जावरा में लायंस क्लब जावरा के 55वें चार्टर दिवस एवं संस्थापन समारोह के अवसर पर सत्र 2025–26 के अध्यक्ष MJF लायन यश जैन एडवोकेट के नेतृत्व में वर्षभर संचालित सेवा प्रकल्पों, सामाजिक सरोकारों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों का संकलन ‘कर्मपथ’ पत्रिका के रूप में समाज को समर्पित किया गया।
समारोह में मल्टीपल काउंसिल मेंबर MJF लायन प्रवीण वशिष्ठ, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं शपथ अधिकारी MJF लायन योगेंद्र रूनवाल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर MJF लायन राजेंद्र गर्ग तथा रीजन चेयरपर्सन लायन शैलेन्द्र पांडे के करकमलों से ‘कर्मपथ’ पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया।
इस अवसर पर MJF लायन यश जैन एडवोकेट ने कहा कि ‘कर्मपथ’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि सेवा-संकल्प, समर्पण, सामाजिक उत्तरदायित्व और संगठन की उपलब्धियों का जीवंत दस्तावेज है। पत्रिका में वर्षभर संचालित सेवा प्रकल्पों, निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र शिविरों, समाजहित में किए गए कार्यों तथा क्लब की विभिन्न उपलब्धियों का विस्तृत संकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
सेवा कार्यों की हुई सराहना
समारोह में मौजूद अतिथियों ने सत्र 2025–26 के दौरान लायंस क्लब जावरा द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने क्लब के कार्यकाल को “उपलब्धियों से परिपूर्ण स्वर्णिम कार्यकाल” बताते हुए कहा कि लायंस क्लब जावरा ने ‘We Serve’ के ध्येय वाक्य को जनसेवा के माध्यम से सार्थक किया है।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष लायन ए.पी. सिंह की ओर से प्रदान किए गए प्रशस्ति-पत्र एवं इंटरनेशनल पिन से MJF लायन यश जैन एडवोकेट का सम्मान भी किया गया। इसे लायंस परिवार के साथ जावरा नगर के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
सामूहिक सहयोग से संभव हुई सेवा यात्रा
समारोह के अंत में MJF लायन यश जैन एडवोकेट ने वर्षभर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों, वरिष्ठ लायंस, दानदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और विश्वास से ही सेवा की यह गौरवशाली यात्रा संभव हो सकी।
उन्होंने कहा—
“हमारी पहचान हमारे शब्दों से नहीं, हमारे कर्मों से बनती है; और वही कर्म समाज के लिए प्रेरणा का पथ प्रशस्त करते हैं।”
