रतलाम जिले के जावरा पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस क्विज स्पर्धा 2026 का आयोजन उत्साह और रोमांच के साथ किया गया। प्रतियोगिता की थीम ‘इंडिया क्वेस्ट-भारत गौरव’ रही, जिसमें विद्यालय के अथर्ववेद, ऋग्वेद, सामवेद और यजुर्वेद सदन के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समता इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम के प्राचार्य श्री तोसिफ इफ्तेखार अहमद खान रहे। अतिथि निदेशक श्री कमल मूणत की विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
10 चरणों में हुई ज्ञान की परीक्षा
क्विज प्रतियोगिता को कुल 10 रोचक चरणों में आयोजित किया गया। इनमें भारत की समसामयिक घटनाओं, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम, विभिन्न राज्यों से जुड़े विषय, भारत का मानचित्र एवं भौगोलिक पहचान, भारतीय पौराणिक एवं सांस्कृतिक ज्ञान, त्वरित उत्तर, क्यूआर कोड स्कैनिंग, महत्वपूर्ण संक्षिप्त शब्दों के पूर्ण रूप तथा समयबद्ध प्रश्नों से जुड़े चरण शामिल रहे।
प्रतियोगिता का ‘इंडिया पासपोर्ट राउंड’ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें अतिथि द्वारा छिपे हुए पासपोर्ट में से एक का चयन किया गया। चयनित पासपोर्ट में अंकित राज्य से संबंधित विषय पर संबंधित सदन के विद्यार्थियों ने अपना ज्ञान और प्रस्तुतीकरण क्षमता प्रदर्शित की।
क्यूआर कोड राउंड में तकनीक का इस्तेमाल
क्यूआर कोड स्कैनिंग राउंड में विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ उनकी तकनीकी समझ और त्वरित सोच की भी परीक्षा हुई। अतिथि द्वारा पासा रोल किए जाने के बाद प्राप्त अंक के अनुसार क्यूआर कोड का चयन किया गया। मोबाइल से कोड स्कैन करते ही विद्यार्थियों के सामने नया विषय आता और उन्हें तत्काल उत्तर देना होता।
किसी सदन के प्रतिभागी द्वारा उत्तर नहीं दिए जाने पर प्रश्न दर्शक दीर्घा की ओर पास किया जाता, जिससे प्रतियोगिता के दौरान लगातार रोमांच बना रहा।
फाइनल मुकाबले में अथर्ववेद सदन ने मारी बाजी
विभिन्न चरणों के बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो सदनों ने फाइनल राउंड में प्रवेश किया। निर्णायक चरण में निगेटिव मार्किंग रखे जाने से विद्यार्थियों के सामने प्रत्येक उत्तर सोच-समझकर देने की चुनौती रही।
अंतिम मुकाबले में अथर्ववेद सदन ने सटीक उत्तरों, बेहतर टीमवर्क और आत्मविश्वास के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटर हाउस क्विज स्पर्धा 2026 का विजेता खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद विद्यालय परिसर तालियों और हर्षध्वनि से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि श्री तोसिफ इफ्तेखार अहमद खान ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व, त्वरित निर्णय क्षमता और टीमवर्क जैसे जीवनोपयोगी गुणों का विकास करती हैं।
अतिथि निदेशक श्री कमल मूणत ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और प्रत्येक प्रतियोगिता को स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर मानने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब विद्यार्थी उसे आत्मविश्वास और विवेक के साथ व्यवहार में ला सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, “ज्ञान की कोई सीमा नहीं होती और जिज्ञासा ही उस ज्ञान तक पहुंचने का सबसे सुंदर मार्ग है।”
इस तरह जेपीएस क्विज 2026 विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, तकनीक, आत्मविश्वास और टीम भावना का शानदार मंच साबित हुआ।
