रतलाम के जावरा में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व जेपीएस किड्स रंगरेज गली एवं खारीवाल कॉलोनी ब्रांच में देशभक्ति से ओत-प्रोत समारोह का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जावरा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षिकाओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
समारोह में प्ले ग्रुप से यूकेजी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को प्रस्तुत किया। नन्हे कलाकारों की मासूमियत, आत्मविश्वास और जोश ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर डॉ. पीयूष मूणत ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और अच्छे नागरिक बनने के संकल्प में निहित है। कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। समारोह हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।