रतलाम जिले के जावरा में जावरा पब्लिक स्कूल, जेपीएस किड्स चौपाटी एवं जेपीएस किड्स रंगरेज़ गली शाखा में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की विधिवत स्थापना कर गणेशोत्सव का भव्य एवं आध्यात्मिक शुभारंभ किया गया। तीनों परिसरों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच उत्साह, भक्ति और आनंद का वातावरण देखने को मिला।
गणेशोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के आदरणीय मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत श्रीमती रोशन देवी मूणत, डायरेक्टर श्री कमल मूणत, श्री विनोद मूणत, प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत, जेपीएस किड्स के प्राचार्य श्री सुभाहु मूणत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को विधि-विधान एवं मंगल मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया।
विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
गणेश प्रतिमा स्थापना के पश्चात पंडित एवं धार्मिक विधि के अनुरूप मंत्रोच्चार, पूजन, पुष्प अर्पण, दीप प्रज्वलन एवं आरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। विद्यालय परिवार ने भगवान श्री गणेश से सभी विद्यार्थियों के ज्ञान, बुद्धि, सफलता, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
भगवान गणेश को विघ्नहर्ता, बुद्धि एवं शुभता के देवता के रूप में स्मरण करते हुए विद्यालय परिवार ने गणेशोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया।
*आरती के बाद शिक्षकों ने लगाए भक्ति के रंग*
पूजन एवं आरती के पश्चात शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भक्ति-गीतों एवं जामिंग का आनंद लिया। भक्तिमय वातावरण में शिक्षकों ने सामूहिक रूप से गणपति बप्पा के जयकारे लगाए और गणेशोत्सव की खुशियां साझा कीं। पूरे परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
*अब प्रतिदिन विद्यार्थी करेंगे गणपति बप्पा की आरती*
गणेशोत्सव को विद्यार्थियों के लिए विशेष एवं यादगार बनाने हेतु अब आगामी दिनों में कक्षा-वार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्री गणेश की आरती एवं पूजन किया जाएगा। प्रत्येक कक्षा को निर्धारित दिवस पर गणपति बप्पा की आरती में सहभागिता का अवसर मिलेगा।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने के साथ-साथ अनुशासन, सामूहिक सहभागिता, श्रद्धा, संस्कार और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए गणपति बप्पा से विद्यालय परिवार पर सदैव अपना आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की।
“जहाँ बुद्धि का प्रकाश, वहाँ गणेश का वास;
जहाँ संस्कारों की पहचान, वहीं बनेगा भारत महान!”
