November 5, 2026 11:56 am

पिपलिया मंडी में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस पर कार्रवाई में देरी और आरोपियों को बचाने के आरोप, भड़के हिंदू संगठन गांधी चौराहे पर धरना, हनुमान चालीसा का पाठ

धर्मेंद्र कुमार मंदसौर- जिले के पिपलिया मंडी में गुरुवार रात नाबालिग लड़कियों से कथित छेड़छाड़ और अश्लील गालियां देने का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को माहौल गरमा गया। आरोप है कि कुछ मनचले युवकों ने दुर्गा वाहिनी से जुड़ी नाबालिग बहनों का रास्ता रोककर उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की।

घटना के बाद लड़कियां अपने परिजनों के साथ पिपलिया मंडी थाने पहुंचीं। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें रात करीब 9 बजे से 11 बजे तक थाने में बैठाए रखा गया और आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और समाजजनों का आक्रोश सामने आया। कार्यकर्ताओं ने पिपलिया मंडी के गांधी चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री नीलेश जैन ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में भी स्थानीय पुलिस को स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ की शिकायतों से अवगत कराया गया था। उनका आरोप है कि कुछ युवक स्कूल समय में वाहनों के तेज हॉर्न बजाकर छात्राओं को परेशान करते हैं और क्षेत्र की कुछ होटलों को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की।

नीलेश जैन के अनुसार, गुरुवार रात संगठन से जुड़ी नाबालिग बहनों के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं होने से हिंदू संगठनों और समाजजनों को धरने पर बैठना पड़ा।

धरने के बाद हरकत में आई पुलिस

प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि शिकायत पहले ही पुलिस तक पहुंच रही थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े आरोपों पर पुलिस की प्रारंभिक भूमिका को लेकर परिजनों और हिंदू संगठनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

इस मामले में पिपलिया थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क कर पुलिस का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और मामले की आगे की जांच पर सभी की नजर बनी हुई है।

मंदसौर से शुभदर्शन TV न्यूज़ चैनल के लिए कैमरामैन राजकुमार सूर्यवंशी के साथ धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी