संत सुरक्षा मिशन द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय इच्छापूर्ति दर्शन महायात्रा 2026-2027 को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संगठन ने वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश बारोड़ (जैन) को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के साथ ही संगठन द्वारा उनका आधिकारिक नियुक्ति एवं परिचय पत्र भी जारी कर दिया गया है।
संत सुरक्षा मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक स्वामी राजेंद्र देव जी महाराज द्वारा जारी परिचय पत्र के अनुसार प्रकाश बारोड़ आगामी 28 नवंबर 2026 से 30 जून 2027 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय इच्छापूर्ति दर्शन महायात्रा के दौरान पूरे देश में मीडिया समन्वय का दायित्व संभालेंगे। उनका कार्यक्षेत्र संपूर्ण भारत रहेगा और वे मिशन की गतिविधियों एवं महायात्रा के संदेश को राष्ट्रीय स्तर पर जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
संगठन ने बताया कि राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के रूप में प्रकाश बारोड़ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इसके अलावा प्रेस विज्ञप्तियों का निर्माण एवं वितरण, विभिन्न राज्यों में समाचार कवरेज की व्यवस्था, मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद, महायात्रा के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सोशल मीडिया सहित आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए मिशन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक स्वामी राजेंद्र देव जी महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रकाश बारोड़ अपने लंबे अनुभव, कार्यकुशलता, मीडिया क्षेत्र की समझ एवं संगठनात्मक क्षमता के बल पर मिशन के उद्देश्यों को देशभर में प्रभावी ढंग से पहुँचाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज तक सकारात्मक संदेश पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस जिम्मेदारी का निर्वहन प्रकाश बारोड़ पूरी निष्ठा के साथ करेंगे।
संत सुरक्षा मिशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय इच्छापूर्ति दर्शन महायात्रा 2026-2027 का मुख्य उद्देश्य “इच्छा से इच्छापूर्ति तक – मानव स्वयं जागरण यात्रा” के संदेश को देशभर में पहुँचाना है। यह महायात्रा समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों, सत्य, साहस, सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जाएगी। महायात्रा के माध्यम से देशभर के संतों, धार्मिक संगठनों एवं आम नागरिकों को जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण और मानव जागरण का व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर प्रकाश बारोड़ ने संत सुरक्षा मिशन के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं संस्थापक स्वामी राजेंद्र देव जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। वे महायात्रा के उद्देश्य, मिशन के संदेश एवं संत समाज की सेवा भावना को देश के प्रत्येक राज्य और प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह दायित्व केवल एक संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र, समाज और भारतीय संस्कृति की सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वे मीडिया के सभी माध्यमों के सहयोग से मिशन की सकारात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रसारित कर अधिक से अधिक लोगों को इस जनजागरण अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे।