November 6, 2026 5:28 pm

“जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंजा जावरा पब्लिक स्कूल, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम बना रथयात्रा महोत्सव

रतलाम जिले के जावरा पब्लिक स्कूल परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य एवं पावन रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भक्ति गीतों और संकीर्तन से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा। इस विशेष आयोजन में नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के साथ समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की आकर्षक एवं सुसज्जित प्रतिमाओं को भव्य रथ में विराजित कर विद्यालय परिसर एवं आसपास के मार्गों पर शोभायात्रा निकाली गई। विद्यालय के डायरेक्टर श्री विनोद मूणत, श्री कमल मूणत एवं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने विद्यार्थियों के साथ श्रद्धापूर्वक रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चों के उत्साह और आस्था ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर विनोद मूणत ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा प्रेम, सेवा, समानता और मानवता का संदेश देती है तथा ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
डायरेक्टर कमल मूणत ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि संस्कारों का मंदिर भी है। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
वहीं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एकता, समर्पण और सेवा का संदेश देती है तथा विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से भी समृद्ध करना है।
कार्यक्रम के अंत में समस्त विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए आध्यात्मिक आनंद, सांस्कृतिक चेतना और भारतीय परंपराओं से जुड़ाव का एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी