November 6, 2026 1:48 pm

रतलाम में खनन माफिया का आतंक! पटवारी पर बुलडोजर चढ़ाने की कोशिश, हाथ तोड़ा… पंचनामा फाड़कर फरार

रतलाम जिले में अवैध खनन का खेल अब किस हद तक बेखौफ हो चुका है, इसका खौफनाक उदाहरण सामने आया है। अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे पटवारी को ही खनन माफियाओं ने अपना निशाना बना लिया। आरोप है कि 4 से 5 बदमाशों ने पटवारी पर हमला कर उनका हाथ तोड़ दिया और उन्हें बुलडोजर व ट्राले से कुचलकर जान से मारने की कोशिश तक कर डाली।

घटना ने जिले में अवैध खनन के कारोबार और उससे जुड़े लोगों की दबंगई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि जब सरकारी अमले पर ही हमला करने का दुस्साहस किया जा रहा है तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा?

घटना जिले के आलोट क्षेत्र के देवगढ़ और हिम्मतखेड़ी पंचायत क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पदस्थ हल्का पटवारी अजय चौहान शासकीय कार्यवाही के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे। हमले में गंभीर रूप से घायल पटवारी को पहले आलोट के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ऑपरेशन के लिए रतलाम के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

अवैध उत्खनन करता मिला बुलडोजर, दस्तावेज मांगे तो भड़के आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवगढ़ हल्का पटवारी अजय चौहान गांव के चौकीदार भगवान लाल के साथ शासकीय कार्य से क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान नाले के समीप एक बुलडोजर से अवैध उत्खनन होता दिखाई दिया।

पटवारी ने मशीन रुकवाकर चालक से आवश्यक दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे। आरोप है कि चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पटवारी ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और वाहन को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

लेकिन कार्रवाई शुरू होते ही कथित खनन माफियाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

बकेट से हमला, हाथ मरोड़ा… फिर ट्राला चढ़ाकर कुचलने की कोशिश!

बताया जा रहा है कि जब बुलडोजर और ट्राले को थाने ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी, तभी 4 से 5 बदमाश मौके पर पहुंचे और पटवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि बदमाशों ने बुलडोजर के बकेट से पटवारी पर जानलेवा हमला किया। इतना ही नहीं, उनका हाथ वाहन के स्टीयरिंग में फंसाकर बुरी तरह मरोड़ दिया, जिससे उनका हाथ टूट गया।

इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके। आरोप है कि बदमाशों ने पटवारी को ट्राला चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की। हालांकि पटवारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

यह घटना महज मारपीट नहीं, बल्कि सरकारी कार्रवाई को रोकने और सरकारी कर्मचारी को रास्ते से हटाने की कथित कोशिश के रूप में देखी जा रही है।

पंचनामा छीना और फाड़ दिया, साक्ष्य मिटाने का आरोप

हमलावरों ने कथित तौर पर पटवारी के पास मौजूद शासकीय कार्रवाई से जुड़े पंचनामे को भी छीन लिया और उसे फाड़ दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

यदि आरोप सही हैं तो यह सवाल बेहद गंभीर है कि आखिर अवैध खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे खुलेआम सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी दस्तावेज नष्ट करने से भी नहीं डर रहे?

मानुनिया महादेव क्षेत्र से आए थे हमलावर?

घटना के बाद मौके पर मौजूद चौकीदार भगवान लाल ने बताया कि हमला करने वाले लोग स्थानीय गांव के नहीं थे। उनके अनुसार, आरोपी मानुनिया महादेव क्षेत्र से आए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही अन्य पटवारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल पटवारी अजय चौहान को तत्काल आलोट के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर चोट को देखते हुए ऑपरेशन के लिए रतलाम के निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

खनन माफिया पर कब कसेगा शिकंजा?

रतलाम जिले में अवैध खनन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। लेकिन इस घटना ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। यदि अवैध उत्खनन रोकने और सरकारी कार्रवाई करने वाले अधिकारी-कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई कैसे होगी?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या खनन माफियाओं को प्रशासन और कानून का कोई डर नहीं रहा? क्या इसी वजह से वे सरकारी कर्मचारी पर बुलडोजर और ट्राला चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश तक करने का दुस्साहस कर रहे हैं?

अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से आरोपियों तक पहुंचती है और अवैध खनन के पीछे सक्रिय नेटवर्क की तह तक जाती है या मामला केवल मारपीट की FIR तक सीमित रह जाता है।

फिलहाल घायल पटवारी अस्पताल में जिंदगी और दर्द से जूझ रहे हैं, जबकि कथित हमलावर फरार बताए जा रहे हैं। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—रतलाम में अवैध खनन का कारोबार आखिर किसके संरक्षण में इतना बेखौफ हो गया कि अब सरकारी कर्मचारी की जान पर भी बन आई?

घायल पटवारी

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी