November 5, 2026 12:14 pm

युवा शक्ति का हो आह्वान, विकसित भारत बने महान—वंदे मातरम् की गूँजे शान!” जे.पी.एस. में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के रंग में मनाया गया

रतलाम  के जावरा में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और विकसित भारत के संकल्प से ओतप्रोत वातावरण में जावरा पब्लिक स्कूल में भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाया गया। इस वर्ष के समारोह की केंद्रीय थीम “युवा शक्ति – विकसित भारत 2047” तथा “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” रही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा से लेकर विकसित भारत के स्वप्न तक की प्रेरणादायी यात्रा को जीवंत किया।
समारोह का शुभारंभ भव्य परेड मार्च-पास्ट एवं विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री अशोक मूणत एवं श्रीमती सरोज मूणत तथा प्रधानाचार्य डॉ. पीयूष मूणत के गरिमामय स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात तीनों अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की स्वर लहरियों से गूँज उठा और वातावरण में राष्ट्रभक्ति की अद्भुत अनुभूति देखने को मिली।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में मुख्य अतिथियों एवं प्रधानाचार्य डॉ. पीयूष मूणत द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज एवं महाराणा प्रताप के भव्य भित्तिचित्र (मुराल) का लोकार्पण किया गया। इन महान राष्ट्रनायकों के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बताया गया।
नन्हे कदमों में अनुशासन की ताल—डम्बल पी.टी. ने मोहा मन
नन्हे विद्यार्थियों के समूह ने शानदार डम्बल पी.टी. प्रदर्शन प्रस्तुत कर अनुशासन, ऊर्जा एवं सामूहिकता का अद्भुत परिचय दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने “पोस्टर परेड – 1947–2047: ‘आजादी की भोर से विकसित भारत की ओर तक’ के माध्यम से भारत की स्वतंत्रता से लेकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने की संकल्पित यात्रा को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
सुरों में भारत, शब्दों में राष्ट्रप्रेम
संगीत समूह द्वारा “नमस्ते सदा वतसले” तथा “जयति जय जय मम भारतम्” जैसे देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कक्षा 4थीं गंगा के छात्र मास्टर तनीष्क जैन ने “भारत दुनिया की सबसे बड़ी व्यवस्था है” विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर भारत की लोकतांत्रिक एवं सांस्कृतिक शक्ति को रेखांकित किया।
कक्षा 11वीं विज्ञान की छात्रा सुश्री रोशनी भावेल ने “वंदे मातरम्” विषय पर भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा वंदे मातरम् एवं आजादी थीम पर दो शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

“पाँच प्रण” से विकसित भारत का संकल्प – इसके पश्चात विद्यार्थियों ने “पाँच प्रण” पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी। पाँच अलग-अलग विद्यार्थी समूहों द्वारा प्रस्तुत पिरामिड प्रदर्शनों ने एकता, अनुशासन, साहस, संकल्प और राष्ट्रसेवा का प्रभावशाली संदेश दिया। विद्यार्थियों की ऊर्जा, संतुलन और सामूहिक समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के समापन चरण में नन्हे विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय गान पर विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया। उपस्थित सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना के साथ इस विशेष क्षण को अनुभव किया।

एम.डी. श्री अशोक मूणत ने दिया विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण का संदेश-
स्वतंत्रता हमें विरासत में मिली है, लेकिन विकसित भारत हमें अपने कर्मों से बनाना है। आप सभी अपने सपनों को ऊँचा रखें, पर उन सपनों में राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा और अच्छे संस्कारों के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दे सकता है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सभी विद्यार्थियों को एक श्रेष्ठ नागरिक बनने और भारत को विश्व के अग्रणी राष्ट्रों में स्थापित करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका समझाई, अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। देश हित मे सोच और जन हित मे स्वयं का योगदान कैसे करना है, बताया।
समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं विकसित भारत के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया। 80वें स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने का अवसर बना, बल्कि विद्यार्थियों को “आजादी से विकसित भारत तक” की यात्रा में अपनी भूमिका पहचानने का प्रेरणादायी मंच भी बना।
“वंदे मातरम् की शान रहे, भारत का सम्मान रहे;
युवा शक्ति के संकल्प से, विकसित भारत महान बने।”

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी