कारूलाल राठौड़, शुभदर्शन TV न्यूज़ चैनल- मावता गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर के पास खेल रही महज 12 वर्षीय दृष्टि, पिता शुभम दमामी, को किसी जहरीले जानवर ने काट लिया। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जावरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों से पहले ही उसकी जिंदगी ने साथ छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे दृष्टि घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले जानवर के काटने की आशंका जताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को लेकर जावरा सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दृष्टि को मृत घोषित कर दिया।
महज 12 साल की बच्ची की अचानक मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे मावता में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मासूम बच्ची की असमय मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया।
घटना के बाद गांव में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर बच्ची को किस जहरीले जानवर ने काटा और घटना किन परिस्थितियों में हुई? हालांकि इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
मासूम दृष्टि की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।