जावरा में बारिश की रिमझिम फुहारों और रंग-बिरंगे उल्लास के बीच जेपीएस किड्स में प्री-प्राइमरी (नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी) के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए “मानसून पार्टी” का भव्य एवं आनंदमय आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की खिलखिलाहट, संगीत की मधुर धुनें और वर्षा ऋतु का उल्लास देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के मनमोहक डांस से हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने वॉटर गेम्स, मडी प्ले, कार वॉशिंग एक्टिविटी, क्लाउड कलरिंग, कलरिंग एक्टिविटी सहित अनेक मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बारिश की थीम पर आधारित इन गतिविधियों ने बच्चों को खेल-खेल में सीखने, प्रकृति से जुड़ने तथा रचनात्मकता को निखारने का अवसर प्रदान किया। स्वादिष्ट व्यंजन (टेस्टी ट्रीट) का आनंद लेते हुए बच्चों ने इस मानसून उत्सव को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री कमल मूणत एवं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत भी बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागी बनकर मानसून पार्टी का भरपूर आनंद लिया।
डायरेक्टर श्री कमल मूणत ने कहा कि “बचपन का सबसे सुंदर रूप उसकी निश्छल मुस्कान और उत्साह में दिखाई देता है। ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें प्रकृति के प्रति प्रेम, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करती हैं।”
प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने अपने संदेश में कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि खुशियों, अनुभवों और संस्कारों का भी आँगन है। खेल-खेल में सीखना ही प्रारंभिक शिक्षा की सबसे प्रभावी पद्धति है और ऐसी गतिविधियाँ बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं रचनात्मक प्रयासों से यह मानसून पार्टी बच्चों के लिए हँसी, उमंग और अविस्मरणीय यादों से भरपूर एक यादगार उत्सव बन गई।
