रतलाम के जावरा में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जावरा पब्लिक स्कूल में भाई-बहन के प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना को एक अनूठे अंदाज़ में अभिव्यक्त किया गया। विद्यालय की कक्षा 3 से 5 तक की छात्राओं ने विद्यालय के सुरक्षा नायकों—बस ड्राइवर एवं कंडक्टर्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर छात्राओं ने अपने हाथों से बनाए सुंदर एवं भावपूर्ण हैंडमेड ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए और सुरक्षा नायकों को भेंट किए। इसके पश्चात छात्राओं ने भारतीय परंपरा एवं सभी विधि-विधानों के साथ उनके मस्तक पर तिलक लगाया, आरती की तथा उनकी कलाई पर स्नेह और सम्मान की राखी बाँधी। सभी विद्यार्थियों शिक्षण सामाग्री स्वरूप गिफ्ट भी दिए गए। इस भावपूर्ण क्षण ने पूरे वातावरण को आत्मीयता और अपनत्व से भर दिया।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री कमल मूणत ने कहा कि, “हमारे ड्राइवर और कंडक्टर्स केवल विद्यार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाने का कार्य नहीं करते, बल्कि प्रतिदिन उनकी सुरक्षा और जिम्मेदारी का भी ध्यान रखते हैं। बच्चों द्वारा उनके प्रति व्यक्त किया गया यह सम्मान अत्यंत सराहनीय है। रक्षाबंधन हमें रिश्तों के साथ-साथ कर्तव्य और सुरक्षा के महत्व को भी समझाता है।”
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा, “हमारे सुरक्षा हीरोस् विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों द्वारा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना हमारे लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, संस्कार और सम्मान की भावना विकसित करते हैं।”
इस आयोजन में प्रबंधन सदस्य श्रीमती किरण मूणत भी उपस्थित रही।
रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल एक पर्व का उत्सव नहीं रहा, बल्कि स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और कृतज्ञता की भावनाओं को जोड़ने वाला एक यादगार अवसर बन गया। छात्राओं की मासूम मुस्कान और सुरक्षा नायकों की खुशी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया।
“राखी की डोर ने बाँधा सम्मान का रिश्ता,
सुरक्षा वीरों के प्रति जागा स्नेह सा रिश्ता।”
