November 5, 2026 11:43 am

जावरा के स्वास्थ्य तंत्र को मिली बड़ी ताकत, ढाई करोड़ के दो मॉड्यूलर ओटी मंजूर, विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयास रंग लाए

रतलाम के जावरा और आसपास के हजारों मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। सिविल हॉस्पिटल जावरा को अब जिला स्तर की अत्याधुनिक सर्जिकल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत से दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की स्वीकृति मिल गई है।

अब तक इस स्तर की मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर सुविधा मुख्य रूप से जिला चिकित्सालय स्तर पर उपलब्ध थी। ऐसे में जावरा में दो मॉड्यूलर ओटी की मंजूरी को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। आने वाले समय में बड़े और जटिल ऑपरेशन के लिए मरीजों को हर बार रतलाम जाने की मजबूरी कम होगी और जावरा स्वयं बड़े उपचार केंद्र के रूप में विकसित होगा।

लगातार प्रयासों का परिणाम, स्वास्थ्य सुविधाओं में एक के बाद एक सौगात

विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लंबे समय से जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और अस्पतालों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर सक्रिय हैं। इसी क्रम में क्षेत्र को महिला एवं बाल चिकित्सालय, नवजात शिशु केयर यूनिट, पिपलौदा में सिविल हॉस्पिटल, रिंगनोद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और डायलेसिस मशीन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मिल चुकी हैं।

अब सिविल हॉस्पिटल जावरा में दो मॉड्यूलर ओटी की स्वीकृति ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की इस कड़ी को और मजबूती दी है।

बताया गया है कि विधायक डॉ. पांडेय ने जावरा अस्पताल की आवश्यकताओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क और मांग रखी। इन्हीं प्रयासों के बाद लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है।

संक्रमण नियंत्रण में आधुनिक तकनीक, ऑपरेशन थिएटर होंगे अत्याधुनिक

सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया के अनुसार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर आधुनिक इन्फेक्शन कंट्रोल सिस्टम से तैयार किए जाते हैं। इनमें संक्रमण की संभावना को कम करने के लिए विशेष तकनीक और निर्माण सामग्री का उपयोग किया जाता है।

मॉड्यूलर ओटी में वाल पैनल पर दोनों तरफ एंटी-बैक्टीरियल कोटिंग, जनरल एवं ओटी लाइट, कंट्रोल पैनल, एसी सिस्टम, गैस प्रेशर, टाइमर तथा मेडिकल गैस सिस्टम जैसी सुविधाएं रहेंगी। ऑक्सीजन, एक्स-रे एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ दीवारों में लोड शीट, कॉर्नर ग्राउंडिंग जैसी तकनीकी सुविधाएं भी शामिल रहेंगी।

इसके अलावा विशेष फ्लोरिंग, दीवार एवं सीलिंग सिस्टम, लैमिनार एयर फ्लो तथा हर्मेटिक डोर जैसी सुविधाएं भी मॉड्यूलर ओटी का हिस्सा होंगी।

दावा—इन्फेक्शन में 80 प्रतिशत तक कमी

मॉड्यूलर ओटी की सबसे बड़ी विशेषताओं में संक्रमण नियंत्रण को माना जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आधुनिक मॉड्यूलर व्यवस्था से ऑपरेशन के दौरान संक्रमण के जोखिम को काफी कम किया जा सकता है तथा इसका रखरखाव भी पारंपरिक ओटी की तुलना में आसान रहता है।

अब बड़े ऑपरेशन के लिए रतलाम दौड़ने की मजबूरी होगी कम

जावरा में दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर बनने के बाद इसका सीधा लाभ जावरा विधानसभा क्षेत्र के साथ आसपास के मरीजों को मिलने की उम्मीद है। जावरा के अलावा आलोट, पिपलौदा, ताल, बड़ावदा, दलौदा और राजस्थान से आने वाले मरीजों के लिए भी यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

अभी गंभीर अथवा बड़े ऑपरेशन के लिए मरीजों को जिला अस्पताल अथवा बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर रेफर करना पड़ता है। मॉड्यूलर ओटी शुरू होने के बाद सिविल हॉस्पिटल जावरा में ही अधिक स्तरीय सर्जिकल सेवाओं का विस्तार संभव होगा।

इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय, आने-जाने का खर्च तथा उपचार के दौरान होने वाली अतिरिक्त परेशानी कम हो सकती है।

जावरा को स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम

मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र दवे के अनुसार सिविल हॉस्पिटल जावरा में दो मॉड्यूलर ओटी की स्वीकृति क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। लगातार बढ़ती स्वास्थ्य जरूरतों के बीच जावरा में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार इसे आसपास के बड़े क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि अस्पताल में अत्याधुनिक उपकरणों के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाती है, तो जावरा में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिल सकती है।

सिर्फ भवन और मशीन नहीं, विशेषज्ञ डॉक्टर की भी हुई नियुक्ति

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की इस कड़ी में केवल संसाधनों पर ही जोर नहीं दिया गया है, बल्कि रिक्त विशेषज्ञ पदों को भरने की दिशा में भी कदम उठाया गया है।

विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रयासों के चलते सिविल हॉस्पिटल जावरा में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अदिति भावसार की नियुक्ति हुई है। ईएनटी विशेषज्ञ की पदस्थापना के बाद नाक, कान और गला संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

जावरा में बदल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की तस्वीर

एक ओर अस्पताल को करोड़ों रुपए की लागत से दो अत्याधुनिक मॉड्यूलर ओटी की सौगात मिली है, वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति से उपचार की क्षमता भी बढ़ी है। ऐसे में जावरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

अब चुनौती इन स्वीकृत मॉड्यूलर ओटी का समयबद्ध निर्माण, अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की होगी। यदि यह व्यवस्थाएं भी प्रभावी ढंग से पूरी होती हैं तो सिविल हॉस्पिटल जावरा केवल रेफरल सेंटर न रहकर आसपास के बड़े क्षेत्र के मरीजों के लिए एक मजबूत उपचार केंद्र के रूप में उभर सकता है।

इस बड़ी स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल और विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पीर हिंगोरिया में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित सरदार पटेल हॉस्पिटल की टीम ने ग्रामीणों को दिया निःशुल्क परामर्श, दवाइयाँ वितरित कीं; गंभीर मरीजों के उपचार में आयुष्मान योजना की जानकारी दी