रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य सेसरदार पटेल पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज द्वारा ग्राम बोरदा, तहसील पिपलोदा में आयुष्मान भारत निरामय योजना के तहत विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर के दौरान 55 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. रवि पाटीदार ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बेहतर उपचार कराने की सलाह दी।
भोपाल से पहुंचे जोशी जी ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
इस सफल आयोजन में सरदार पटेल पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों, नर्सिंग सुपरीटेंडेंट विकास जायसवाल, मार्केटिंग विभाग के मेहमूद अली अब्बासी एवं सुपरवाइजर सुनीता सिस्टर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर कॉलेज एवं अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. जी. एल. पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आते हैं और समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।
उक्त जानकारी जनसंपर्क अधिकारी प्रेम बनोपा द्वारा प्रदान की गई।