रतलाम जिले के जावरा पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के विद्यार्थियों के लिए प्री-इंडिपेंडेंस डे समारोह का आयोजन उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर श्री कमल मूणत एवं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने तिरंगा ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
समारोह में नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों के जोश और उत्साह ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 1857 से 1947 तक के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित झाँकी रही। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण घटनाओं एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस माध्यम से बच्चों को देश के स्वतंत्रता संघर्ष और बलिदानों की जानकारी दी गई।
डायरेक्टर श्री कमल मूणत एवं प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देशभक्ति हमारे कर्तव्यों, संस्कारों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने में दिखाई देती है। समारोह ने बच्चों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मजबूत किया।