रतलाम जिले की सातवीं शाखा का शुभारंभ, आधुनिक शिक्षा और संस्कारों के साथ बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का दावा, शिक्षा के क्षेत्र में लगातार अपना विस्तार कर रहे मूणत ग्रुप ऑफ बिजनेस एंड एजुकेशनल एसोसिएट्स ने जावरा में अपनी तीसरी एवं रतलाम जिले की सातवीं शाखा “जेपीएस किड्स” का भव्य शुभारंभ कर शहर के निजी शिक्षा क्षेत्र में एक और मजबूत दावेदारी पेश कर दी है। चौपाटी क्षेत्र स्थित खारीवाल कॉलोनी में शुरू हुए इस नए संस्थान के साथ अब शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
संस्थान का शुभारंभ मूणत ग्रुप की व्यवस्थापक श्रीमती रोशन देवी मूणत ने फीता काटकर एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। इस दौरान विद्यालय की सफलता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मूणत ग्रुप के डायरेक्टर विनोद मूणत ने कहा कि जेपीएस किड्स केवल एक स्कूल नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को साकार करने की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि संस्थान आधुनिक शिक्षा, तकनीकी शिक्षण और संस्कारों के समन्वय से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।
डायरेक्टर कमल मूणत ने कहा कि समूह का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और संस्कारी नागरिक तैयार करना है जो समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।
जावरा पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. पीयूष मूणत ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा ही बच्चे के व्यक्तित्व निर्माण की असली आधारशिला होती है। जेपीएस किड्स में बच्चों को ऐसा वातावरण मिलेगा, जहां सीखना बोझ नहीं बल्कि आनंद का विषय होगा।
कार्यक्रम के अंत में सुबाहु मूणत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जेपीएस किड्स आने वाले समय में जावरा की पहचान बनने वाला शिक्षण संस्थान साबित होगा।
कार्यक्रम में मूणत परिवार, संस्थान के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
