रतलाम जिले के जावरा में आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के दावों की पोल अब खुलती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जावरा ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष एड. सत्तर व्यास ने गैस एजेंसी और संबंधित विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावरा को लिखित शिकायत सौंपी है।
शिकायत के अनुसार 18 मई 2026 को हिंदुस्तान गैस एजेंसी में सिलेंडर बुक कराया गया था, लेकिन डेढ़ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हुई। इतना ही नहीं, उपभोक्ता द्वारा सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि जांच करने वाले विभाग ने बिना सिलेंडर दिलाए ही शासन को यह रिपोर्ट भेज दी कि शिकायत का निराकरण कर दिया गया है।


भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष ने इसे आम जनता के साथ धोखा और सरकारी व्यवस्था की घोर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि शिकायतों का कागजों में ही निराकरण किया जाएगा, तो आम नागरिक न्याय के लिए आखिर किसके पास जाएगा?
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी, जांच करने वाले अधिकारियों और झूठी रिपोर्ट भेजने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि जब उपभोक्ता को सिलेंडर मिला ही नहीं, तो शिकायत बंद कैसे कर दी गई?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी पोर्टलों पर सिर्फ आंकड़े सुधारने के लिए शिकायतों का फर्जी निराकरण किया जा रहा है? यदि ऐसा है तो यह न केवल उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन है, बल्कि पूरी शिकायत निवारण व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत को भी कागजों में दबा देता है या फिर दोषियों पर कार्रवाई कर जनता का भरोसा कायम करता है।