मध्यप्रदेश की पावन धरा मंदसौर में गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ संरक्षण-संवर्धन की मांग को लेकर मंदसौर में अब बड़ा जनआंदोलन खड़ा करने की तैयारी है। गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत 27 जुलाई 2026 को मंदसौर की सड़कों पर हजारों गौभक्तों के जुटने का दावा किया गया है।
अभियान को लेकर आयोजित बैठक में संतों, गौसेवकों और विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रणनीति तय की। निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को सुबह 8 बजे विश्वप्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद विशाल गौ सम्मान कीर्तन रैली निकाली जाएगी।
रैली वीर सावरकर पुलिया, मंडीगेट, सदर बाजार, घंटाघर, शुक्ला चौक, नयापुरा रोड, पाताल लोक प्रेस, कालाखेत, गौतम नगर, पुराना बस स्टैंड, बड़े बालाजी मंदिर, भारत माता चौराहा और कालिदास मार्ग से होते हुए शहर कोतवाली पहुंचेगी। यहां जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन के नाम हजारों नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपे जाएंगे।
गौमाताओं के साथ सड़क पर उतरेंगे गौसेवक!
अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता विनय दुबेला ने कहा कि जिले की विभिन्न गौशालाओं से गौमाताओं के साथ बड़ी संख्या में गौसेवक, संत, मातृशक्ति और गौभक्त रैली में शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि यह महज एक रैली नहीं, बल्कि गौ सम्मान, गौ संरक्षण और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर जनजागरण का बड़ा अभियान है।
संतों और समाजजनों ने किया एकजुट होने का आह्वान
कथा प्रवक्ता गुरुदेव दशरथ भाई जी शर्मा ने गौमाता को भारतीय संस्कृति और सनातन सभ्यता की आत्मा बताते हुए समाज से अभियान से जुड़ने की अपील की। वहीं विश्व हिंदू परिषद के प्रांत पदाधिकारी गुरुचरण बग्गा ने कहा कि गौमाता के सम्मान का अभियान किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह मंडलोई ने गौ संरक्षण को संस्कृति, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा विषय बताते हुए सभी वर्गों से एक मंच पर आने का आह्वान किया। योग गुरु बंसीलाल टाक ने भी प्रत्येक परिवार से इस जनजागरण में सहभागी बनने की अपील की।
बैठक में मौजूद वक्ताओं ने गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ संरक्षण-संवर्धन की मांग को लेकर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
आयोजकों ने प्रदेश और देशभर के नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर करें और 27 जुलाई की सुबह 8 बजे भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर विशाल गौ सम्मान कीर्तन रैली में शामिल हों।
अब नजर 27 जुलाई पर है—जब मंदसौर की सड़कों पर गौमाता के सम्मान में हजारों गौभक्तों के जुटने का दावा किया जा रहा है।
